हरिद्वार

कांवड़ यात्रा-2026: 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम मयूर दीक्षित

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा का सकुशल संचालन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और करोड़ों शिवभक्तों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में सिंचाई विभाग को कांवड़ पटरी मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत को झाड़ियों की कटाई, सार्वजनिक शौचालयों एवं स्नान गृहों की सफाई और आवश्यक मरम्मत समयबद्ध ढंग से कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा झूलते विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। वहीं जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग पर स्थापित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण पहले से उपलब्ध कराए जाएं, जिससे आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार मिल सके। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रभावी यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ पटरी मार्ग पर विद्युत पोलों के नीचे किसी भी प्रकार के फड़ या अस्थायी स्टॉल लगाने की अनुमति न देने और इसकी नियमित निगरानी करने को कहा। वन विभाग को मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पेड़ों की शाखाओं की समय पर छंटाई (लॉपिंग) कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम और जिला पंचायत को कांवड़ मार्ग, शिविर स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयासों से कार्य करें ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले तथा कांवड़ यात्रा-2026 का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता (विद्युत) दीपक सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी (पीआरडी) प्रमोद चंद पांडे, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button