रुड़की

विधायक उमेश कुमार और मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी, रुड़की-दल्लावाला बस सेवा शुरू

दर्जनों गांवों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी, हजारों यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। रुड़की से दल्लावाला तक नई बस सेवा का बुधवार को शुभारंभ कर दिया गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस नई सेवा से रुड़की, ढंढेरा, लंढोरा तथा लक्सर मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस मार्ग पर बस सेवा संचालित करने की मांग की जा रही थी। बुधवार को आयोजित शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बस रवाना होने के बाद परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और विधायक उमेश कुमार स्वयं बस में सवार हुए तथा मिलिट्री चौराहे तक सफर कर यात्रियों से संवाद भी किया।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर और सुलभ परिवहन सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिवहन सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि रुड़की-दल्लावाला बस सेवा क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस रूट से जुड़े दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को प्रतिदिन आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें अब निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

नई बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीण यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

Related Articles

Back to top button