हरिद्वार

4.50 करोड़ से अधिक कांवड़िए गंगाजल लेकर सकुशल लौटे

कांवड़ यात्रा सम्पन्न होने पर डीएम-एसएसपी ने हरकीपौड़ी पर की पूजा, दक्षेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद हरकीपौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, मीडिया, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों और स्थानीय जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। सभी विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर समन्वय से 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

Oplus_16908288
डीएम ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने दिन-रात तत्परता से व्यवस्थाएं संभालीं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस ने यातायात, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन एवं भीड़ प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित किया। पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के साथ जल पुलिस ने भी गंगा घाटों एवं नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांवड़ यात्रा के दौरान दो लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया। विभिन्न चिकित्सा शिविरों में श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
Oplus_16908288
डीएम ने मीडिया की ओर से यातायात, सुरक्षा एवं प्रशासनिक सूचनाओं को कांवड़ियों तक पहुंचाने में दिए गए सहयोग की सराहना की। पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कर्मियों ने करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद कांवड़ मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी। स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों और व्यापारियों ने जल, भोजन, चिकित्सा एवं विश्राम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। स्थानीय जनता ने भी यातायात, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग किया।
Oplus_16908288
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रशासन का अकेला आयोजन नहीं, बल्कि पुलिस, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों, मीडिया और जनता के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कांवड़ियों द्वारा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सराहना की।
Oplus_16908288
कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न होने पर श्री गंगा सभा अध्यक्ष/राज्य मंत्री नितिन गौतम एवं पदाधिकारियों ने डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। वहीं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी जी महाराज ने दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने भी माला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
Oplus_16908288
इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button