Blog

लूटकांड का खुलासा, फरार चार आरोपी गिरफ्तार

मुख्य महिला आरोपी पहले ही पहुंच चुकी है जेल

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर कोतवाली पुलिस ने लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस वारदात की मुख्य महिला आरोपी को पुलिस जेल भेज चुकी थी। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस सहित लूटी गई रकम में से 80 हजार रुपये बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु उर्फ काका, अनुज, आकाश गांव अकोढ़ा खुर्द और वंश निवासी गांव कंकरखाता, लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई को भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिंहचंदी गांव निवासी इमरान भैंस खरीदने के लिए लक्सर क्षेत्र में आया था। इसी दौरान आरोपियों ने अपनी महिला साथी कविता निवासी कुआखेड़ा के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से इमरान से एक लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य महिला आरोपी कविता को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसके चार साथी फरार चल रहे थे। लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना के आधार पर लक्सर पुलिस ने चारों फरार आरोपियों को धर दबोचा। उनके कब्जे से एक अवैध देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और लूट की एक लाख की रकम में से 80 हजार रुपये बरामद किए गए। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, एसआई सुरेश कुमार सिंह, एसआई दीपक चौधरी, एसआई रोहित कुमार, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, हेड कांस्टेबल अरविंद रावत, हेड कांस्टेबल आशीष पांडे सहित होमगार्ड दिनेश कुमार आदि शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button