हरिद्वार

लक्सर में सुरक्षित बचपन अभियान, स्कूली बच्चों को बताए बाल अधिकार और सुरक्षा के कानूनी प्रावधान

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आज बुधवार को लक्सर क्षेत्र के तीन विद्यालयों में सुरक्षित बचपन विषय पर जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र छात्राओं को बाल अधिकारों, शारीरिक व मानसिक शोषण से बचाव और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। एक्स सोल्जर्स इंटर कॉलेज सुभाषगढ़ राज्यकीय इंटर कॉलेज भिक्कमपुर और हर्ष विद्या मंदिर रायसी में आयोजित कार्यशालाओं में न्यायिक अधिकारियों ने बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में एडीजे लक्सर सुधीर कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ललिता सिंह, सिविल जज जूनियर डिवीजन पल्लवी गुप्ता और न्यायिक मजिस्ट्रेट लक्सर लवल कुमार वर्मा मौजूद रहे।
कार्यशाला में बच्चों को पॉक्सो एक्ट की बुनियादी जानकारी देते हुए अच्छे और बुरे स्पर्श यानी गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण या असुरक्षित स्थिति का सामना करने पर सतर्क रहने, अपनी बात भरोसेमंद व्यक्ति तक पहुंचाने और चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद लेने के बारे में बताया गया।पुलिस अधिकारियों ने छात्र छात्राओं को साइबर अपराध ऑनलाइन धोखाधड़ी और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया। इसके अलावा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। कार्यशाला में बच्चों को बिना डर अपनी समस्याएं साझा करने और किसी भी गलत गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में लक्सर कोतवाली से एसआई ब्रह्मदत्त बिजल्वाण, यशवीर सिंह नेगी, बीरेंद्र सिंह नेगी, महिला एसआई प्रियंका नेगी और एएसआई रंजीत नौटियाल ने अलग अलग विद्यालयों में उपस्थित रहकर जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button