हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गाय भैंस चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार-चंद घंटों में दो पशु बरामद

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार में पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गाय और भैंस चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक गाय और एक भैंस बरामद की है। साथ ही, एक आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।बरामद पशुओं की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, कुतुबपुर गांव निवासी विक्रम सिंह की भैंस चोरी होने के मामले में 27 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसी रात सुमननगर स्थित चोर खम्बा के पास अमरूद के बाग से आरोपी साहिब को गिरफ्तार कर चोरी की गई भैंस बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन एम्स में भर्ती है और इलाज के लिए पैसों की जरूरत के चलते उसने भैंस चोरी की थी। वह भैंस को बेचने के लिए गागलहेड़ी ले जाने की तैयारी में था। वहीं सूखी नदी सेक्टर 5 बीएचईएल निवासी गुलाम रसूल के डेरे से गाय चोरी होने के मामले में पुलिस ने 28 अक्टूबर की सुबह नामजद आरोपी राजा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई गाय और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ दोबारा गाय चोरी करने पहुंचा था। पुलिस को देखकर कार सवार उसके साथी फरार हो गए जबकि मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ा और पुलिस की गिरफ्त में आ गया।पूछताछ में राजा ने अपने साथियों के साथ टिहरी विस्थापित कॉलोनी में नए पुल और बीएचईएल सेक्टर 4 से भी गाय चोरी करने की बात स्वीकार की है। इन वारदातों में सेन्ट्रो कार का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों राजा निवासी मोहल्ला कस्साबन ज्वालापुर और साहिब निवासी गढ़ के खिलाफ दर्ज मुकदमों में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की है। चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button