त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, नियमों का पालन करने की अपील
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। त्योहारी सीजन में बढ़ती यातायात आवाजाही और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए हरिद्वार में परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संचालकों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने 69 चालान किए और 9 वाहनों को सीज किया। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग की टीमों ने श्यामपुर, ऋषिकुल, जगजीतपुर, मिस्सरपुर, देवपुरा, सिडकुल सहित विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। इस दौरान मालवाहक वाहनों, बसों, मोटर कैब, ई-रिक्शा, तिपहिया और दोपहिया वाहनों में नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर कार्रवाई की गई। चेकिंग अभियान के दौरान मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग, यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और बिना वैध परमिट वाहन संचालित करने जैसे मामले सामने आए। इसके अलावा बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने के मामलों में भी विभाग ने कार्रवाई की। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित क्षमता से अधिक माल या सवारियां ले जाना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे उल्लंघनों पर प्रभावी कार्रवाई कर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के दौरान जांच के लिए दिए गए संकेत के बावजूद वाहन नहीं रोकने और अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने वाले चालकों के खिलाफ भी चालान किए गए। बिना प्रभावी ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, बिना बीमा वाहन संचालित करने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर भी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त गलत लेन में वाहन चलाने, प्रतिबंधित स्थान पर वाहन खड़ा करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीयन चिह्न प्रदर्शित नहीं करने और रिफ्लेक्टर नहीं लगे होने जैसे मामलों में भी चालान किए गए। कर संबंधी अभिलेख और उत्तराखंड प्रवेश उपकर से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर भी विभाग ने कार्रवाई की। परिवहन विभाग ने कहा कि त्योहारी सीजन में सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण यातायात नियमों का पालन और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां या माल न ढोएं, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें और चेकिंग के दौरान विभागीय टीमों को सहयोग दें। विभाग ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाहन संचालकों से परमिट की शर्तों, यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। अभियान के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।









