24 घंटे में चोरी का खुलासा, सूने घर से जेवर-नकदी उड़ाने वाला शातिर दबोचा
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची कलियर कोतवाली पुलिस
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र के मेहवड़कला गांव में सूने घर को निशाना बनाकर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। अज्ञात चोर घर के मेन गेट और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेट ले गया था। पीड़ित अनिरुद्ध सैनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने फौरन जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नवनीत सिंह निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत मामले को गंभीरता से लिया गया। पुलिस टीम गठित कर लगभग 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। लगातार पड़ताल के बाद पुलिस ने धनौरी रोड स्थित बावन दर्रा नहर पटरी से एक संदिग्ध युवक को इलेक्ट्रिक स्कूटी समेत दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी किए गए जेवरात और नगदी बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुलशेर निवासी लंढौरा, थाना मंगलौर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह नशे का आदी है और पैसों की जरूरत के चलते उसने सूने घर को निशाना बनाया। घर में घुसकर उसने अलमारी का ताला तोड़ा और सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठियां, चांदी के दाने-मोती, चार हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम के मामलों में जेल जा चुका है। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।









