हरिद्वार की गूंज (24* 7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का मामला सामने आया है, फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से जेल अधीक्षक को धमकाने का आरोप है। जेल अधीक्षक की शिकायत पर सिडकुल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी जेल में बंद एक महिला बंदी का पति बताया जा रहा है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया, ओर सुरक्षा व्यवस्था को ओर मजबूत कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मामले में धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान जेल में निरुद्ध एक महिला बंदी के पति हिमांशु चड्ढा के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी को जेल के भीतर फोन कॉल समेत अन्य गैर-कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जेल अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सर्विलांस और साइबर सेल की सहायता से धमकी देने वाले व्यक्ति की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वहीं, धमकी के बाद जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।









