हरिद्वार

राजस्व कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, राजस्व उपनिरीक्षक निलंबित

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नामांतरण वाद में तथ्यों को छिपाकर आख्या प्रस्तुत किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की श्री दीपक रामचन्द्र शेट ने राजस्व उपनिरीक्षक श्री अतुल रावत के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है। प्रकरण में संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रचलित है। प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही संबंधित क्षेत्र में राजस्व कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए प्रभार हस्तांतरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों के साथ-साथ न्यायिक एवं अर्द्धन्यायिक प्रकरणों में तथ्यों की सही और निष्पक्ष प्रस्तुति अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्धारित प्रक्रिया और नियमों का पालन प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा तथ्यों को छिपाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश गया है कि राजस्व संबंधी मामलों में पारदर्शिता और नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button