हरिद्वार

मगरमच्छ के हमले में 14 वर्षीय बालक की मौत, बुग्गावाला में दहशत

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले में 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। शुक्रवार को बालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भय का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुग्गावाला निवासी 14 वर्षीय राजन गुरुवार को घर से साइकिल लेकर पास स्थित मैदान में खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान एक तालाब के पास से बालक की साइकिल बरामद हुई। इसके बाद आसपास की छानबीन में बालक का शव भी मिला, जो मगरमच्छ के हमले से क्षत-विक्षत अवस्था में था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया बालक की मौत मगरमच्छ के हमले से होना माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और तालाब के आसपास निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button