हरेला पर्व पर 30 हजार पौधों का होगा रोपण, डीएम मयूर दीक्षित ने दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर 16 जुलाई को जनपद में 30 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को 10 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प है। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधारोपण से पहले गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, जैविक खाद, सिंचाई, ट्री-गार्ड तथा परिवहन की सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। साथ ही 11 से 15 जुलाई के बीच सभी चिन्हित स्थलों का निरीक्षण एवं सत्यापन भी पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, अस्पतालों, पार्कों, सड़क किनारे, नदी-नालों के तटों, सामुदायिक एवं सरकारी खाली भूमि पर पौधारोपण को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक स्थल की जियो-टैगिंग कर पौधों की संख्या और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। डीएम ने ‘एक परिवार–दो पौधे’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने ‘हरित हरिद्वार’ अभियान के तहत स्थानीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता देने और पौधारोपण के बाद उनकी सुरक्षा, सिंचाई तथा जीवितता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता (विद्युत) दीपक सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी (पीआरडी) प्रमोद चंद पांडे, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









