जनसुनवाई में 70 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण, शेष पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 55 शिकायतें एवं ऑनलाइन माध्यम से 15 शिकायतें दर्ज की गईं। इस प्रकार कुल 70 शिकायतों में से 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। फरियादियों ने अवैध कब्जा, भूमि पैमाइश, बिजली आपूर्ति, पेंशन, सफाई व्यवस्था और जल निकासी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में जनपद की 25 ग्राम पंचायतों में स्थापित मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराई गईं। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों में हाईवे पर संकेतक बोर्ड लगाने, तटबंध निर्माण, विद्यालयों में जलभराव तथा गांवों में सफाई व्यवस्था जैसे विषय शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एल-1 स्तर पर 591 और एल-2 स्तर पर 111 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी पी.आर चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.के सिंह, उप जिलाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।









