कांवड़ यात्रा से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश, लापरवाही पर सख्त होगी कार्रवाई: डीएम मयूर दीक्षित
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग और शहर में चल रहे सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल को निर्देशित किया कि सीवरेज से जुड़े सभी निर्माण कार्य समय से पहले पूरे किए जाएं। राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां तत्काल पेचवर्क कराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़कों के किनारे कोई निर्माण सामग्री या मलबा न पड़ा रहे, जिससे यातायात बाधित न हो। जल संस्थान और जल निगम को भी पेयजल लाइनों की मरम्मत से जुड़े कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पंचायत, जिला पंचायत और नगर पालिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों और कलमठों की साफ-सफाई प्राथमिकता से करने को कहा, ताकि जल निकासी सुचारू बनी रहे और जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में बंद नालियों के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सफल और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।









