औषधि निरीक्षक पूजा रानी के औचक निरीक्षण से जनपद बागेश्वर में मचा हड़कंप, दस दवाओं के लिए गए सैंपल
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखण्ड एवं जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में अधोमानक एवं स्पूरियस दवाओं की रोकथाम के लिए जनपद बागेश्वर में औषधि निरीक्षक पूजा रानी द्वारा केंद्रीय औषधि भंडार डिपो, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय बिलोना बागेश्वर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर 10 औषधियों के नमूने लिए गए और औषधि विश्लेषणशाला को भेजे गए ताकि उनकी गुणवत्ता का परीक्षण किया जा सके। औषधि निरीक्षक ने केंद्रीय औषधि भंडार डिपो के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे किसी भी औषधि की गुणवत्ता पर संदेह होने पर तुरंत औषधि प्रशासन को सूचित करें, जिससे जन स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
औषधि भंडार में उपलब्ध औषधियों के क्रय बिलों, वाउचर्स और दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी औषधियां मानकों के अनुरूप हैं और उनकी आपूर्ति विश्वसनीय स्रोतों से की गई है। औषधि निरीक्षक ने औषधि भंडार केंद्र के कर्मचारियों को औषधियों के उचित रखरखाव, तापमान नियंत्रण और भंडार केंद्र की नियमित साफ-सफाई के लिए निर्देश दिए, ताकि दवाओं की गुणवत्ता बनाए रखी जा सके।
वहीं औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने कहा कि केंद्रीय औषधि भंडार से मिलने वाली दवाएं गरीब और जरूरतमंद लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रदान करती हैं, जिससे इलाज का खर्च कम होता है और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचती हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी और गैर-सरकारी सभी औषधि वितरण केंद्रों पर लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं ताकि दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके और जन स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।









