मां गंगा जन्मोत्सव सेवा संघ की बैठक संपन्न, 23 अप्रैल 2026 को निकलेगी मां गंगा की भव्य शोभायात्रा
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। मां गंगा जन्मोत्सव सेवा संघ द्वारा आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें व्यापारी गण, समाजसेवी तथा विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी मां गंगा जन्मोत्सव के आयोजन को भव्य रूप से मनाने पर चर्चा की गई।
संघ के अध्यक्ष विशाल गोस्वामी ने कहा कि मां गंगा बिना किसी भेदभाव के सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान करती हैं। उसी भावना से समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए इस वर्ष मां गंगा जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को गंगा सप्तमी का पावन पर्व मनाया जाता है। इसी दिन मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित होकर भगवान शिव की जटाओं में समाई थीं। भगवान शिव ने अपनी जटाओं से मां गंगा को सात धाराओं में प्रवाहित किया था। इसी सप्तमी तिथि को भगवान चित्रगुप्त की उत्पत्ति का दिन भी माना जाता है।
कार्यक्रम संयोजक मोहित जोशी ने कहा कि अमृत की बूंदों के गंगाजल में मिलने से गंगा जल को अत्यंत पवित्र माना जाता है। जन्म से लेकर मृत्यु तक सभी संस्कारों और धार्मिक अनुष्ठानों में गंगाजल का विशेष महत्व है। गंगा सप्तमी के दिन मां गंगा के पूजन से अनजाने में हुए पापों का क्षय होता है और ग्रहों के अशुभ प्रभाव भी कम होते हैं।
महामंत्री संदीप अग्रवाल ने बताया कि मां गंगा जी की भव्य शोभायात्रा 23 अप्रैल 2026 को श्री गुरु सेवक उछाली आश्रम से बैंड-बाजों, डीजे, मनमोहक झांकियों, ढोल-नगाड़ों तथा मां गंगा जी की डोली के साथ प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा गुजरांवाला भवन, शिवमूर्ति, अप्पर रोड होते हुए नगर भ्रमण कर हर की पौड़ी पर संपन्न होगी, जहां मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में राज्य व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला, मां गंगा जन्मोत्सव के संरक्षक सुमित अरोड़ा, पार्षद दीपक शर्मा, विनय यादव, पवन, आशीष गौड़, रमेश मिड्ढा, सतनाम सिंह, मनीष सैनी, दीपक, रोहित सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









