नानकमत्ता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हनुमान जयंती महोत्सव
भव्य शोभा यात्रा और भजनों से गुंजायमान हुआ वातावरण, सैकड़ों भक्त हुए शामिल
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) उधमसिंह नगर। जनपद ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता स्थित प्राचीन श्री सनातन धर्म मंदिर बाला जी दरबार में श्री हनुमान जयंती महोत्सव श्रद्धा और आस्था के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
महोत्सव के तहत 01 अप्रैल को भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो नगर के मुख्य बाजार से होते हुए गुरुद्वारा मार्ग से श्री सनातन धर्म मंदिर बाला जी दरबार तक पहुंची। शोभा यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में जयकारों एवं भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वहीं 02 अप्रैल को मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ बाला जी दरबार को भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर के पुजारी राधा बल्लभ पंतोला ने विधि-विधान से हनुमान जी की प्रतिमा का चोला शृंगार किया। इसके उपरांत स्थानीय भक्तों द्वारा मधुर भजनों का गुणगान किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कार्यक्रम के दौरान श्री राम आरती एवं श्री हनुमान आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद बाबा को भोग अर्पित कर प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी राधा बल्लभ पंतोला ने बताया कि वह पिछले 35 वर्षों से मंदिर की सेवा कर रहे हैं और प्रत्येक वर्ष मंदिर समिति के सहयोग से हनुमान जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा से बाला जी महाराज के चरणों में प्रार्थना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं।
महोत्सव में श्री सनातन धर्म मंदिर समिति के पदाधिकारी, महिला मंडल सहित सौरभ अग्रवाल, मनीष रस्तोगी, अंकुर सिंघल, सक्षम गोयल, शोभित गोयल, सौरभ भारती, निशिकित भट्ट, नितिन अग्रवाल समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।









