उत्तराखंड पुलिस को “राष्ट्रपति पुलिस कलर” सीएम धामी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को देश के चुनिंदा राज्यों में शामिल करते हुए “राष्ट्रपति पुलिस कलर” (President’s Police Colour) से अलंकृत किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को राज्य के इतिहास का “स्वर्णिम और गौरवपूर्ण अध्याय” बताया और पुलिस महानिदेशक सहित सभी पुलिस कर्मियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल अलंकरण नहीं, बल्कि वर्षों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा की राष्ट्रीय मान्यता है। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार एक कठोर और बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद दिया जाता है, जिसमें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और तकनीकी नवाचार सहित पुलिस के हर आयाम का गहन परीक्षण किया जाता है।

सीएम धामी ने कहा यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस को उन चुनिंदा राज्यों की श्रेणी में स्थापित करता है, जिन्हें विशिष्ट और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सर्वोच्च राष्ट्रीय मान्यता मिली है। यह केवल सम्मान नहीं, बल्कि हमारे पुलिसकर्मियों की वीरता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की पहचान है।

मुख्यमंत्री ने केदारनाथ आपदा, महाकुंभ, चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा जैसी बड़ी आपदा एवं आयोजन व्यवस्थाओं में पुलिस बल की उत्कृष्ट सेवाओं का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और स्मार्ट पुलिसिंग के माध्यम से जनता का विश्वास जीतना इस उपलब्धि का मुख्य आधार रहा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा उत्तराखंड पुलिस महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, पर्यटन सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग में तकनीकी सशक्तिकरण और जनसहभागिता के जरिए एक ऐसा मॉडल तैयार कर रही है, जो अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहा है। राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में यह सम्मान मिलना इस उपलब्धि को और भी ऐतिहासिक बनाता है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस उपलब्धि को उत्तराखंड पुलिस के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि यह सम्मान प्रत्येक अधिकारी और जवान के समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि भविष्य में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगी। उत्तराखंड पुलिस अब इस गौरवपूर्ण सम्मान के साथ राष्ट्रीय स्तर पर सेवा, सुरक्षा और स्मार्ट पुलिसिंग में नए आयाम स्थापित करने के लिए अग्रसर होगी।









