हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार: अभियान के दौरान 6 आरोपी गिरफ्तार

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना पथरी पुलिस ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई करते हुए 6 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई सपेरा बस्ती घिस्सुपुरा में संदिग्ध व्यक्तियों एवं किरायेदारों के सत्यापन अभियान के दौरान की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस टीम क्षेत्र में सत्यापन कार्य कर रही थी। इसी दौरान कुछ व्यक्तियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी उत्तेजित हो गए और शांति व्यवस्था भंग करने पर आमादा रहे।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना पथरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 6 आरोपियों को हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत चालान कर अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिरासत में लिए गए आरोपियों में सन्नी (35), आतिश (25), हमराज (23), नीलू (32), माईकल (19) और अकुल (19) शामिल हैं। सभी आरोपी सपेरा बस्ती घिस्सुपुरा, थाना पथरी क्षेत्र के निवासी हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विपिन कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल अनिल सिंह, जयपाल चौहान, मुकेश चौहान और दौलत की टीम शामिल रही।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button