“ऑपरेशन प्रहार” पर हरिद्वार पुलिस का फोकस, एक माह तक चलेगा सघन अभियान
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आज से “ऑपरेशन प्रहार” नाम से एक माह का विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत वांछित अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण को प्रतिदिन अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान के दौरान विशेष कार्रवाई:
अभियान के तहत वांछित, इनामी एवं वारंटियों की गिरफ्तारी, मफरूर अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही देर रात तक संचालित बार, क्लब, होटल, ढाबों और रिसॉर्ट्स की जांच की जाएगी। इसके अलावा ड्रंकन ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध वाहनों, बाहरी राज्यों के नंबर वाले वाहनों एवं हूटर के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस अवैध शस्त्रों की बरामदगी और अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों के खिलाफ भी अभियान चलाएगी। वहीं बाहरी राज्यों और देशों से आए संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संगठित अपराध पर भी प्रहार:
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों, गुंडा तत्वों और स्ट्रीट क्राइम में लिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। पेशेवर अपराधियों, इनामी बदमाशों और वारंटियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों पर बढ़ेगी चौकसी:
पुलिस द्वारा बॉर्डर क्षेत्रों, हाईवे, रेलवे स्टेशन, बस व टैक्सी स्टैंड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। शहर और देहात के संवेदनशील इलाकों, पर्यटन स्थलों, स्कूलों और मॉर्निंग वॉक प्वाइंट्स पर भी पुलिस की सक्रिय मौजूदगी रहेगी।
त्वरित प्रतिक्रिया पर रहेगा जोर:
डायल 112 पर प्राप्त गंभीर सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई, फायरिंग जैसी घटनाओं में तुरंत घेराबंदी और ऑपरेशनल रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही सुबह और शाम निर्धारित समय पर बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के माध्यम से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया जाएगा।









