बेटी के प्रेम संबंध बना मौत की वजह: पिता की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने साजिश का किया खुलासा
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुए राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या की वजह मृतक की शादीशुदा पुत्री के साथ आरोपी के प्रेम संबंध थे।
घटना 26 अप्रैल की शाम की है, जब आरोपी पंकज कुमार अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर राजवीर को मोटरसाइकिल से बौंगला अंडरपास के पास खेत में ले गया। यहां पहले उसे शराब पिलाई गई और बाद में हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
27 अप्रैल को मृतक के बेटे प्रियांशु द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली बहादराबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया, जहां परिजनों ने उसकी पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस टीम ने कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के पास से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा किया, जिसके बाद दूसरे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि आरोपी मृतक की बेटी से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन मृतक इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी वजह से आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल, पर्स व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और आरोपी दोनों सिडकुल क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में कार्यरत थे और पहले से एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी पंकज मृतक की बेटी का तलाक करवाकर उससे शादी करना चाहता था, लेकिन मृतक के विरोध के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









