लक्सर में गौकशी पर पुलिस एक्शन, 105 किलो गौमांस संग तीन दबोचे, दो गौवंशीय पशुओं की बची जान
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में गौकशी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। संयुक्त टीम ने दबिश के दौरान 105.5 किलो गौमांस, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण व क्रूरता से बांधकर रखे गए दो जीवित गौवंशीय पशु बरामद किए, जिन्हें तत्काल सकुशल गौशाला भिजवाया गया।बता दे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में गौ-तस्करों, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस लगातार सक्रिय थी। इसी क्रम में बीती 28 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि गढ़ी संगीपुर गांव में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही हरिद्वार गौवंश संरक्षण स्क्वाड और लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से सुलेमान, युसूफ और सहजाद निवासी गढ़ी संगीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया। दबिश के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में गौमांस बरामद किया। साथ ही वहां बंधक बनाकर रखे गए दो बेजुबान गौवंशीय पशुओं को मुक्त कर उनकी जान बचाई गई। पुलिस की तत्परता से दोनों पशुओं को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।









