हरिद्वार

लक्सर के पेट्रोल पंपों पर खाद्य आपूर्ति विभाग की छापेमारी, कई खामियां मिलने पर नोटिस जारी

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। चारधाम यात्रा से पहले ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने लक्सर क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण कर छापेमारी की। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल के नेतृत्व में पहुंची चार सदस्यीय टीम की कार्रवाई से पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों पर मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं, जिस पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि टीम द्वारा राम राणा फिलिंग स्टेशन हबीबपुर कुड़ी, एमवी फिलिंग स्टेशन नमारा हबीबपुर कुड़ी तथा रायसी डीजल सेंटर रायसी का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान इन पेट्रोल पंपों पर मूलभूत सुविधाओं में कमी, व्यवस्थागत खामियां व मानक अनुरूप तैयारियां अधूरी पाई गईं। विभागीय टीम ने मौके पर ही संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर सभी पेट्रोल पंपों को पर्याप्त ईंधन स्टॉक सुरक्षित रखने, उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी मुकेश पाल ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि नोटिस का संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो सभी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।निरीक्षण टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मदन रावत, दिवेश कुमार शर्मा और तोशनाथ शर्मा भी मौजूद रहे। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button