हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार में मंगलौर पुलिस का इंटरस्टेट स्ट्राइक, हरियाणा से दबोचे 2 खिलाड़ी वाहन चोर

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। मंगलौर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह पर बड़ी चोट करते हुए हरियाणा निवासी दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी कबड्डी और ताइक्वांडो के खिलाड़ी हैं, लेकिन नशे की लत और झूठी शान-शौकत के लिए लग्जरी लाइफ जीने की चाह में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से मंगलौर से चोरी की गई ईको कार और चोरी में इस्तेमाल की गई काली स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। बता दे बीती 22 को दिल्ली निवासी बंटी ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि गुंड मंडी क्षेत्र से उनकी ईको कार अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। मामला सामने आते ही हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने विशेष पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने हरिद्वार से लेकर हरियाणा तक गुंड मंडी, मंडावली, पुरकाजी, छपार, मुजफ्फरनगर, शामली, शाहपुर, बागपत, कांधला और पानीपत सहित कई स्थानों पर सैकड़ो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार कई दिनों तक चली पड़ताल में एक काली स्विफ्ट डिजायर कार संदिग्ध रूप में दिखाई दी, जिस पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी थी। यही नहीं, आरोपी हरिद्वार से हरियाणा भागते समय कई टोल प्लाजाओं के बैरियर तोड़ते हुए फरार होते कैमरों में कैद हुए। लगातार तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के बाद 29 को पुलिस टीम ने गोहाना रोड पानीपत हरियाणा में दबिश देकर दो आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई ईको कार संख्या DL8CAC-9788 और चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काली स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शाहिल और संदीप रोड निवासी राजनगर, पानीपत, खेलों की कोचिंग लेते हैं लेकिन नशे के आदी हैं। महंगे शौक पूरे करने और झूठी रौबदारी दिखाने के लिए दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। योजना के तहत पहले वाहन बुक कर हरिद्वार पहुंचे और फिर गुंड मंडी क्षेत्र से ईको कार चोरी कर फरार हो गए। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में, एसएसआई सुखपाल सिंह मान, एसआई नितिन विष्ट, कांस्टेबल रणवीर सिंह, कांस्टेबल सुधीर, कांस्टेबल अजय काला CIU रुड़की सहित कांस्टेबल महिपाल CIU रुड़की आदि शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button