बैठक: कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया स्थलीय निरीक्षण
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। मेला नियंत्रण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कुंभ से जुड़े विभिन्न पहलुओं, अवस्थापना विकास, निर्माणाधीन परियोजनाएं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था, की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता अनिवार्य है। यदि कहीं अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार कुंभ को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक भी है, इसलिए सभी निर्माण कार्य दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखकर किए जाएं। बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग मौसम संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाएं और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने पार्किंग, यातायात संचालन, शौचालयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। बैठक में सीसीआर-2 भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। दौरे के दौरान मंत्री ने बैरागी कैंप में निर्माणाधीन नलकूपों और ओवरहेड टैंक का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने तैयारियों की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया।









