विश्व रेडक्रॉस दिवस पर प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। विश्व रेडक्रॉस एवं रेडक्रिसेंट दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन रेडक्रॉस द्वारा श्रीराम विद्या मंदिर, श्यामपुर में प्राथमिक उपचार (सीपीआर) प्रशिक्षण संगोष्ठी एवं चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं इंडियन रेडक्रॉस के अध्यक्ष मयूर दीक्षित के निर्देशन में तथा मुख्य चिकित्साधिकारी एवं उपाध्यक्ष इंडियन रेडक्रॉस डॉ. राजेश कुमार सिंह के मुख्य संयोजन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सीनियर डिवीजन सिविल जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर तथा इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सिविल जज सिमरनजीत कौर ने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा प्राथमिक उपचार विशेषकर सीपीआर प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को जागरूक करना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्रतिभागी जरूरतमंदों को “स्वर्णिम समय” में प्राथमिक उपचार देकर बहुमूल्य जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने प्रतिभागियों को निःशुल्क विधिक सहायता, साइबर अपराध से बचाव तथा छात्र-छात्राओं को मोबाइल के दुरुपयोग के प्रति भी जागरूक किया। इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी ने लगभग 1200 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देते हुए रेडक्रॉस के उद्देश्यों, सिद्धांतों एवं मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2026 की थीम “United in Humanity” पर बोलते हुए कहा कि मानवता की सेवा के लिए सभी को एकजुट होकर सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्यामपुर क्षेत्र आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए प्रशिक्षित प्रतिभागी अपने क्षेत्रों में फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर बनकर जनजागरूकता फैलाएंगे और जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएंगे। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त जांच, दंत चिकित्सा तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के आयोजन पर श्रीराम विद्या मंदिर के मैनेजिंग ट्रस्टी राजीव भल्ला ने इंडियन रेडक्रॉस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए ताकि समाज को इसका व्यापक लाभ मिल सके। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बवीता अग्रवाल श्रीनिवास के संयोजन में स्वच्छता, तंबाकू उन्मूलन एवं नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता नाटिकाओं का मंचन भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, बहादराबाद चिकित्सा केंद्र प्रभारी डॉ. आरती बहल सहित चिकित्सा टीम एवं विद्यालय परिवार के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई है।









