लक्सर कोतवाली में 31 लावारिस वाहनों की नीलामी, 3 लाख 66 हजार में छूटी
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर कोतवाली में शुक्रवार को लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों की नियमानुसार नीलामी कराई गई। नीलामी में शामिल 31 वाहनों की बोली एक लाख 50 हजार रुपये से शुरू हुई और अंतिम बोली तीन लाख 66 हजार रुपये पर जाकर समाप्त हुई। नीलामी प्रक्रिया में कुल 61 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया। बता दे एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों में खड़े लावारिस वाहनों के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल, सीओ लक्सर देवेंन्द्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण में और कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। वाहनों की नीलामी के लिए सीओ लक्सर, तहसीलदार लक्सर, एआरटीओ रुड़की, सहायक अभियोजन अधिकारी और लक्सर पुलिस की संयुक्त कमेटी गठित की गई थी। कमेटी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मालखाने में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों के निस्तारण से जहां रिकॉर्ड व्यवस्थित होंगे, वहीं सरकारी राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।









