भीषण गर्मी में पुलिस जवानों का बढ़ाया हौसला, एसएसपी नवनीत सिंह ने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर बांटे पानी व जूस
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच जहां आमजन घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं हरिद्वार पुलिस के जवान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार सड़कों पर मुस्तैदी से डटे हुए हैं। बढ़ते तापमान और ट्रैफिक दबाव के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह स्वयं मैदान में उतरे और विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर पहुंचकर पुलिस कर्मचारियों को पानी, जूस एवं बिस्किट वितरित किए। एसएसपी ने ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। लगातार तेज धूप और गर्मी में कार्य कर रहे जवानों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने समस्त थाना प्रभारियों एवं यातायात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को नियमित रूप से पीने का पानी, जूस तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका तत्काल समाधान किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाए। हरिद्वार में इन दिनों तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पुलिस जवान चिलचिलाती धूप में घंटों खड़े रहकर यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। एसएसपी की इस पहल से पुलिस कर्मियों में उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिली। हरिद्वार पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए सभी लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें तथा स्वयं को हाइड्रेटेड रखें। स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतना इस मौसम में बेहद जरूरी है। एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा पुलिस जवानों के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाने की यह पहल विभाग के भीतर संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण मानी जा रही है। जनता की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे पुलिस कर्मियों के प्रति यह मानवीय व्यवहार सराहनीय बताया जा रहा है।









