हरिद्वार

भगवानपुर पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़, 12 बाइक बरामद समेत तीन शातिर चोर गिरफ्तार

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, भगवानपुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बाद विशेष अभियान चलाया गया। करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पिछले पांच वर्षों में जेल से छूटे वाहन चोरों का सत्यापन भी किया गया। चेकिंग के दौरान खेलपुर रोड से खानपुर मार्ग पर पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दबोच लिया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर कुल 12 चोरी की बाइक बरामद हुईं। बरामद वाहनों में भगवानपुर, कलियर और हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सैनी, कुलदीप कुमार और मुनव्वर जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। इनमें से कुलदीप सैनी पर पहले से 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के संबंध में जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button