उत्तराखण्ड के 408 हज यात्रियों का दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
हज यात्रियों ने मक्का-मदीना में मिली उत्कृष्ट सुविधाओं पर जताई खुशी, केंद्र और राज्य सरकार का किया धन्यवाद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। उत्तराखण्ड प्रदेश के हज यात्रियों की वतन वापसी का सिलसिला जारी है। बुधवार को फ्लाइट संख्या SV5710 सुबह 05:25 बजे 305 हज यात्रियों को लेकर तथा फ्लाइट संख्या SV5814 शाम 06:25 बजे 103 हज यात्रियों को लेकर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, टर्मिनल-3, नई दिल्ली पहुँची।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने हज यात्रियों का फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। स्वागत के दौरान उन्होंने हज यात्रियों से हज यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
हज यात्रियों ने बताया कि उन्हें मक्का एवं मदीना में बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उनका हज सफर अत्यंत सुगम और यादगार रहा। यात्रियों ने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण) खजान दास का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
हज यात्रियों ने उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद का भी विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने हज यात्रा की शुरुआत से लेकर वतन वापसी तक हर स्तर पर भरपूर सहयोग प्रदान किया, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के हज अधिकारी मोहम्मद अहसान एवं कार्यालय स्टाफ अब्दुल कादिर भी उपस्थित रहे।









