देहरादून

राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह में विभिन्न राज्यों के पत्रकारों ने दी दस्तक

पत्रकारिता समाज की चेतना और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम: डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। देहरादून स्थित रविवार को टाउनहॉल में वी.आई.पी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह में पत्रकारों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

Oplus_16908288


समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. निशंक ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज की चेतना, जनभावनाओं की अभिव्यक्ति और राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त स्तंभ है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, संवेदनशील और उत्तरदायी पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।


लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारों की अहम भूमिका: बंशीधर तिवारी

उत्तराखंड सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनसमस्याओं, उपलब्धियों और जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि तथ्यपरक, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ विकास को नई दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए वी.आई.पी. प्रेस क्लब की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वी.आई.पी प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गुलबहार, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंघल, प्रदेश महासचिव इंद्राणी पांघी, राव मोहतरम, शाह अलर्ट अखबार के संपादक अरशद राणा, जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के अध्यक्ष आजाद अली, वरिष्ठ पत्रकार सलीम सैफी, एम. अफजल गौर, हरिद्वार की गूंज समाचार पत्र के प्रधान संपादक रजत चौहान, मुख्तलिक खबर के संपादक जावेद अंसारी, फहीम तन्हा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गायक पियूष निगम एवं संगीता ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

Related Articles

Back to top button