हरिद्वार

जनसुरक्षा सर्वोपरि: स्कूलों, अस्पतालों, होटलों और मॉल की फायर सेफ्टी व्यवस्था की होगी सघन जाॅच: एसएसपी

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। बढ़ती गर्मी और अग्निकांड की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस ने जनपदभर में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए हैं। एसएसपी ने कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, होटल, अस्पताल, विद्यालयों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता जांचने, आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण करने तथा फायर सेफ्टी ऑडिट में चिन्हित कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संस्थानों के संचालकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि गर्मी के मौसम में विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव और ज्वलनशील पदार्थों के असावधानीपूर्ण उपयोग से आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में समय रहते सुरक्षा उपायों को मजबूत करना आवश्यक है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वह बिजली के उपकरणों, गैस सिलेंडरों और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं का उपयोग सावधानीपूर्वक करें तथा आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस या अग्निशमन विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button