हरिद्वार

समर्पित सामाजिक सेवा के लिए प्रो. डॉ. नरेश चौधरी सम्मानित, आयुष मंत्री मदन कौशिक ने की सराहना

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के शरीर रचना विभागाध्यक्ष एवं इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखण्ड के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) नरेश चौधरी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं मानवीय कार्यों के लिए आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री उत्तराखण्ड सरकार मदन कौशिक द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि डॉ. नरेश चौधरी अपने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी अतुलनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के दौरान डॉ. चौधरी ने जिस समर्पण और साहस के साथ कार्य किया है, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। मदन कौशिक ने विशेष रूप से वर्ष 2010 की बाढ़, 2013 की केदारनाथ आपदा, विभिन्न कुंभ मेलों, सोमवती अमावस्या के अवसरों पर उत्पन्न आपात परिस्थितियों तथा कोरोना महामारी के दौरान कोविड-19 आपदा में डॉ. चौधरी की सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं उनके कार्यों के प्रत्यक्षदर्शी रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन एवं शासन भी समय-समय पर उनकी कार्यक्षमता और निष्ठा को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपता रहा है, जिन्हें उन्होंने सदैव सफलता पूर्वक निभाया है। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो. (डॉ.) नरेश चौधरी ने कहा कि समाज के विभिन्न मंचों से प्राप्त सम्मान और शुभचिंतकों का स्नेह उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। यही सम्मान और आशीर्वाद उन्हें निरंतर ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा सामाजिक सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना उनका कर्तव्य है और भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहेंगे। डॉ. नरेश चौधरी को सम्मानित किए जाने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर सचिव डॉ. विजय जोगदण्डे, उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण त्रिपाठी तथा कुलसचिव डॉ. एस.के. वरनवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान न केवल डॉ. नरेश चौधरी के अथक परिश्रम और सेवा भावना का सम्मान है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है।

Related Articles

Back to top button