हरिद्वार

सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ, सहकार से समृद्धि के संकल्प के साथ पूरे उत्तराखंड में होंगे विविध आयोजन

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान पूरे प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने, महिलाओं, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को सहकारिता से जोड़ने तथा “सहकार से समृद्धि” के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सहायक निबंधक सहकारिता श्रीमती मोनिका चुनेरा ने बताया कि सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य समावेशी, पारदर्शी और आत्मनिर्भर सहकारिता व्यवस्था को बढ़ावा देना है, ताकि सहकारिता के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिल सके। सप्ताह के प्रथम दिवस जनपद की सभी सहकारी समितियों, बैंक शाखाओं, बैंक मुख्यालय तथा सहायक निबंधक सहकारी समितियां (एआरसीएस) कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहकारिता की शपथ ली। सभी ने विकसित भारत के निर्माण में सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने तथा सहकारिता के माध्यम से समृद्ध समाज के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत 30 जून को सहकारी पौधारोपण, पैक्स सशक्तिकरण दिवस एवं जागरूकता शिविर, 1 जुलाई को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं ऋण वितरण कार्यक्रम, 2 जुलाई को विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में सहकारिता जागरूकता कार्यशालाएं, 3 जुलाई को उद्यमिता विकास कार्यक्रम एवं पैक्स की सामान्य निकाय बैठकें, 4 जुलाई को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहत वृक्षारोपण एवं हरेला कार्यक्रम, 5 जुलाई को सोशल मीडिया आउटरीच दिवस तथा 6 जुलाई को देहरादून में राज्य स्तरीय “सहकार से समृद्धि” सहकार मंथन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सहकारिता विभाग ने जनपदवासियों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों से सहकारिता आंदोलन से जुड़ने और सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।

Related Articles

Back to top button