गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता: दो करोड़ की हेरोइन बरामद, पंजाब का नशा तस्कर गिरफ्तार
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) रुड़की। उत्तराखंड में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी कार से पंजाब निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी हेरोइन को रुड़की में बेचने के इरादे से लेकर आया था। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसके पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हेरोइन खरीदने और बेचने वाले पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के निर्देशन में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम लाठरदेवा अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38 वर्ष) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लेकर आया था। पुलिस अब इस पूरी सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। बरामदगी के आधार पर कोतवाली गंगनहर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके संपर्क किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार (प्रभारी चौकी पुरानी तहसील), हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल नितिन कुमार की अहम भूमिका रही।









