50 लाख बैंक फ्रॉड का खुलासा फर्जी डेबिट कार्ड से उड़ाए लाखों, 3 आरोपी गिरफ्तार
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में अपराधियों पर शिकंजा, पूर्व में भी हो चुकी है बड़ी कार्यवाही
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार की नगर कोतवाली पुलिस ने आईसीआईसीआई बैंक खाते से करीब 50 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड और फोन बैंकिंग के जरिए खाताधारक के नाम पर नया डेबिट कार्ड बनवाकर एटीएम से नकदी निकाली और उससे ज्वेलरी, प्लॉट व स्कूटी खरीदी।
जानकारी के अनुसार लगातार हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस अपराधियों पर भी शिकंजा कस रही है। हरिद्वार शहर नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पूर्व में भी नकली नोटों का बड़ा खुलासा करते हुए पंजाब से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने कामयाबी हासिल की थी।
वहीं रविवार को एसपी क्राइम निशा यादव ने खुलासा करते हुए बताया कि हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख रुपये नकद, एक प्लॉट की रजिस्ट्री, एक स्कूटी, फर्जी दस्तावेज और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि गिरोह बड़ी कंपनियों के खातों को निशाना बनाकर बैंकिंग सिस्टम की खामियों का फायदा उठाता था। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। वहीं एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।









