हरिद्वार

कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार तैयार, पहली बार साइबर कमांडो संभालेंगे सोशल मीडिया की निगरानी

गगन शर्मा सह सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले के दौरान पहली बार सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के लिए साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे, जो भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। यह जानकारी सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने दी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इस बार मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्य तथा कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच मेले का संचालन चुनौतीपूर्ण है, लेकिन सभी विभागों ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती की गई है और किसी भी प्रकार की कमी सामने आने पर तत्काल उसका समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन 15 अगस्त तक पूरी सतर्कता के साथ मेला व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा। साथ ही 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा और विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत कुंभ मेले से पहले प्रमुख क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई भी जारी रहेगी।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले के बदलते स्वरूप को देखते हुए पुलिस की रणनीति को भी आधुनिक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा, जबकि श्रद्धालुओं के लिए मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे मार्ग निर्धारित किया गया है। इस संबंध में संबंधित राज्यों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे वाहनों को निर्धारित मानकों के भीतर ही संचालित करने की अनुमति होगी। नियमों का उल्लंघन करने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले वर्ष नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

एसएसपी ने बताया कि पहली बार कांवड़ मेले में साइबर कमांडो तैनात किए जा रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे। भ्रामक या फर्जी सामग्री पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सामान्य भ्रामक वीडियो को 36 घंटे के भीतर तथा एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो को लगभग तीन घंटे के भीतर हटाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पत्रकार वार्ता में जिलाधिकारी और एसएसपी ने मीडिया प्रतिनिधियों के प्रश्नों का उत्तर भी दिया। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने प्रशासन और मीडिया के बीच नियमित संवाद को जनहित में आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचती है। कार्यक्रम में प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में सूचना अधिकारी रती लाल शाह, प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button