पिरान कलियर

साबिर पाक के 758वें उर्स पर सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान, 4 जोन और 13 सेक्टरों में बांटा मेला

26 अस्थाई पुलिस चौकियों से होगी निगरानी, भीड़ नियंत्रण से लेकर संदिग्ध गतिविधियों तक पर रहेगी पैनी नजर

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को हज हाउस में आयोजित पुलिस ब्रीफिंग में अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात और जायरीनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उर्स मेले को सुरक्षा की दृष्टि से 4 जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर 26 अस्थाई पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ब्रीफिंग में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, इसलिए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी जरूरी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को उठाईगीरों, जेबकतरों, झपटमारों, चोरों और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही अराजकतत्वों और महिला जायरीनों के साथ छेड़खानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

एसपी देहात ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी जायरीनों के साथ शालीन और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा जरूरत पड़ने पर उनकी हरसंभव सहायता करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से कहीं भी भीड़ एकत्र न होने दी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने कहा कि उर्स मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेठ ने कहा कि उर्स मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए कांवड़ मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का अनुभव पुलिस और प्रशासन के पास है, जिसका लाभ साबिर पाक के उर्स की व्यवस्थाओं में भी मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी करने तथा देशभर से आने वाले जायरीनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी परिस्थिति में अफवाह या अव्यवस्था को बढ़ने नहीं दिया जाए। यदि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया जाए।

ब्रीफिंग में भगवानपुर सीओ सुमित पांडेय, रुड़की सीओ ओशिन जोशी, मंगलौर सीओ अभिनय चौधरी, दरगाह प्रबंधक/तहसीलदार विकास अवस्थी, रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ, एसआईयू प्रभारी समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात जवानों को निर्देशित किया कि उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और हर समय सतर्कता बनाए रखी जाए, ताकि साबिर पाक की जियारत के लिए पहुंचने वाले जायरीन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में अपनी जियारत कर सकें।

Related Articles

Back to top button