पिरान कलियर

बेडपुर चौक पर ढाबा स्वामी पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान

दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने देर रात की फायरिंग, दीवार में धंसे छर्रे-सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग पर बेडपुर चौक के पास रविवार देर रात एक ढाबा स्वामी पर बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में ढाबा स्वामी शोएब बाल-बाल बच गया। फायरिंग के दौरान निकले छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बेडपुर निवासी शोएब का बेडपुर चौक के पास शुद्ध शाकाहारी ढाबा है। रविवार देर रात करीब दो बजे ढाबे पर उसके साथी सो चुके थे, जबकि शोएब जाग रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक ढाबे के पास पहुंचे और कथित तौर पर शोएब को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से घबराए शोएब ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई। फायरिंग के छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, लेकिन इससे पहले ही हमलावर बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

ढाबा स्वामी शोएब ने पुलिस को बताया कि गांव में उसकी पुरानी रंजिश भी चल रही है। ऐसे में पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ढाबे पर फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button