हरिद्वार

सभी निकायों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी एवं ग्रामीण) के तहत स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन, घर-घर कचरा संग्रहण, अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण और जन-जागरूकता गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड और ग्राम पंचायत में नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए तथा कूड़ा वाहनों की उपलब्धता और उनके संचालन की लगातार निगरानी की जाए, ताकि किसी भी स्थान पर कचरा जमा न होने पाए। यूजर चार्ज की शत-प्रतिशत वसूली पर जोर बैठक में यूजर चार्ज संग्रहण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी निकायों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत यूजर चार्ज वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कचरा संग्रहण एवं यूजर चार्ज की व्यवस्था पारदर्शी और नियमित होनी चाहिए। चार तरह से कचरा अलग करने पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने चार-स्तरीय अपशिष्ट पृथक्करण (4-Way Segregation) को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने घर-घर स्तर पर गीला, सूखा, घरेलू जोखिमयुक्त और सैनिटरी अपशिष्ट अलग-अलग करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने को कहा। बैठक में कम्पोस्ट पिटों की कार्यशीलता, वेस्ट ट्रांसपोर्टेशन एवं प्रोसेसिंग प्लांट, कूड़ा निस्तारण केंद्रों, सैनिटरी लैंडफिल, कम्पोस्ट पिटों की उपलब्धता के साथ ही लिगेसी वेस्ट और अवैध कूड़ा डंप साइटों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी डंप साइटों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कचरे के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्यालयों से लेकर समुदाय तक चलेगा जागरूकता अभियान आईईसी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, स्वच्छता रैली, दीवार लेखन और जन-जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में आमजन और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में स्वच्छतम पोर्टल पर प्रगति, पंजीकरण, दंडात्मक कार्रवाई तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं निकायों को निर्देशित किया कि उच्च न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा में प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान, उप नगर आयुक्त नगर निगम दीपक गोस्वामी, स्वजल नोडल अधिकारी चन्द्र मणि त्रिपाठी सहित नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों एवं जिला पंचायतों के अधिशासी अधिकारी (ईओ) तथा सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button