हरिद्वार

राष्ट्रीय स्तर पर चमके कुलश्रेष्ठ, पुलिस कप्तान ने किया सम्मानित

शाहबाज सलमानी हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(शाहबाज सलमानी) हरिद्वार। पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के कक्षा 10वीं के प्रतिभावान छात्र कुलश्रेष्ठ ने Vovinam Martial Arts की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हरिद्वार पुलिस एवं स्कूल का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद कुलश्रेष्ठ का चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू-कश्मीर में किया गया था। प्रतियोगिता में कुलश्रेष्ठ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई। अब वह नवंबर माह में कंबोडिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय Vovinam Martial Arts प्रतियोगिता में भारत की ओर से प्रतिभाग करेगा। इस उपलब्धि पर 11 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद में छात्र कुलश्रेष्ठ से मुलाकात कर उसे बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। SSP ने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कंबोडिया में होने वाली प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। SSP नवनीत सिंह ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। गौरतलब है कि छात्र कुलश्रेष्ठ इससे पूर्व भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुका है। उसके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन से पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। इस अवसर पर सीओ लाइन बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक, प्रधानाचार्य ममता तोमर एवं खेल प्रशिक्षक धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button