कलयुगी पिता की शर्मनाक करतूत: 16 वर्षीय बेटी से अश्लील हरकतों का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
मां की शिकायत पर बहादराबाद पुलिस का तुरंत एक्शन, मुकदमा दर्ज होने के चंद घंटों में आरोपी पिता हिरासत में

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। आजकल का युग कलयुग चल रहा है, आज का समय ऐसा हो गया है कि अपनों पर भी विश्वास करना मुश्किल है। जी हां नाबालिग बेटी की सुरक्षा और रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। 16 वर्षीय बेटी के साथ अश्लील व आपत्तिजनक हरकतें करने के आरोप में बहादराबाद पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस की तुरंत कार्रवाई से आरोपी कुछ ही घंटों में कानून के शिकंजे में आ गया। मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन एक महिला ने कोतवाली बहादराबाद पहुंचकर अपने पति के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से अपनी ही 16 वर्षीय बेटी के साथ अश्लील व आपत्तिजनक हरकतें कर रहा था। महिला ने कई बार इसका विरोध किया और पति को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन उसके और बच्चों के साथ गाली गलौज तथा मारपीट करता था। पिता की हरकतों के चलते नाबालिग बेटी भय और मानसिक पीड़ा के साये में जीने को मजबूर थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुकदमा दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के किराये के मकान पर दबिश दी, जहां वह मौजूद मिला। पुलिस टीम ने उसे मुकदमे की जानकारी देते हुए हिरासत में ले लिया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई ज्योति नेगी कांस्टेबल अरुण चमोली
कांस्टेबल बलवन्त सिंह आदि शामिल रहे।









