हरिद्वार

विधिक माप विज्ञान विभाग की बड़ी कार्रवाई

गैस सिलेंडरों और मिठाइयों की तौल में मिली गड़बड़ी, 6 प्रतिष्ठानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। त्योहारी सीजन के मद्देनजर उपभोक्ताओं को घटतौली से बचाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया है। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक विधिक माप विज्ञान के निर्देशों के क्रम में विभागीय टीम ने मिठाई की दुकानों तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के डिलीवरी वाहनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान करीब 10 गैस सिलेंडर डिलीवरी वाहनों की जांच की गई। इनमें एक वाहन पर घरेलू गैस सिलेंडरों का शुद्ध वजन निर्धारित मानक से कम पाया गया, जबकि दो डिलीवरी वाहनों में सिलेंडरों का वजन जांचने के लिए आवश्यक तौल उपकरण उपलब्ध नहीं मिले। वहीं 12 मिठाई की दुकानों के निरीक्षण में तीन विक्रेता मिठाई को डिब्बे सहित तौलते हुए पाए गए।

जांच में 50 से 120 ग्राम तक मिठाई की घटतौली सामने आई है। विभाग ने इसे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की। इस प्रकार तीन गैस एजेंसियों और तीन मिठाई विक्रेताओं सहित कुल छह प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 एवं इसके अंतर्गत लागू नियमावली की संबंधित धाराओं और नियमों के तहत मामले दर्ज किए गए है। वरिष्ठ निरीक्षक प्रदीप बिजल्वाण ने बताया कि जिलाधिकारी एवं नियंत्रक विधिक माप विज्ञान के निर्देशों के अनुपालन में त्योहारी सीजन को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही वजन और निर्धारित मात्रा में सामान उपलब्ध कराना है। जांच के दौरान गैस सिलेंडरों और मिठाई की तौल में अनियमितताएं मिलने पर छह प्रतिष्ठानों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निरीक्षण टीम में वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान विभाग हरिद्वार प्रदीप बिजल्वाण तथा निरीक्षक दीप प्रकाश सेमवाल मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button