हरिद्वार

कर्मचारी आवासों की मरम्मत, जर्जर सड़कों, सफाई, पेयजल और पार्कों के रखरखाव में सुधार की उठाई मांग

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भेल हरिद्वार की उपनगरी में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को लंबे समय से मूलभूत नागरिक सुविधाओं एवं रखरखाव संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं को लेकर एटक यूनियन ने आवाज बुलंद करते हुए नगर प्रशासक, भेल हरिद्वार को ज्ञापन सौंपा और उपनगरी की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार कराने की मांग की। यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारी आवासों की बदहाल स्थिति, जर्जर सड़कों, पार्कों के रखरखाव, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। यूनियन ने कहा कि पेड़ों की छंटाई एवं कटाई के बाद जमा होने वाले कचरे को समय पर नहीं उठाया जाता, जिससे आवासीय क्षेत्रों में परेशानी बनी रहती है। वहीं कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हैं और पार्कों का उचित रखरखाव भी नहीं हो पा रहा है। ज्ञापन में आवासों की आवश्यक मरम्मत, पेंटिंग, कंक्रीट एवं बिजली संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने, नव नियुक्त कर्मचारियों को आवंटित आवासों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मरम्मत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही पेयजल पाइपलाइन की लीकेज का स्थायी समाधान, सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी और विभिन्न आयोजनों के बाद भेल के मैदानों को दोबारा व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया। एटक यूनियन ने ऑनलाइन शिकायतों को बिना वास्तविक समाधान के पोर्टल से बंद किए जाने पर भी आपत्ति जताई। यूनियन ने मांग की कि कर्मचारियों की शिकायतों के निस्तारण के लिए निश्चित समय-सीमा तय की जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि भेल की उपनगरी महज कर्मचारियों के रहने का स्थान नहीं, बल्कि हजारों परिवारों का घर है। ऐसे में यहां स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, बेहतर सड़कें, पार्क और आवासों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करना नगर प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। कर्मचारियों को अपने ही आवासीय क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़े, यह उचित नहीं है। एटक यूनियन ने नगर प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। यूनियन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर और सम्मानजनक आवासीय सुविधाएं दिलाने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान एटक अध्यक्ष का. नईम खान, महामंत्री संदीप चौधरी सहित वरिष्ठ साथी नरेश सिंह, विकास कुमार, नरेश नेगी, गोपाल शर्मा, रोहित सिंह, नरेश सैनी, अजीम खान, जितेंद्र चहल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button