दिनदहाड़े डॉक्टर के परिवार पर गोलियों की बौछार, बाड़ीटीप के पास नकाबपोश बदमाशों ने बरसाई गोलियां
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं इसका अंदाजा सोमवार को हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना से लगाया जा सकता है। शाहपुर-भोगपुर मार्ग पर बाड़ीटीप गांव के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने कार सवार डॉक्टर के परिवार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। कार में दो महिलाओं समेत पांच लोग सवार थे, जो बाल-बाल बच गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के मुताबिक दाबकी निवासी डॉ. सुमित चौधरी अपनी सास बालेश देवी की आंखों की जांच कराने हरिद्वार गए थे। उनके साथ कार में पूर्व ग्राम प्रधान भंवर सिंह, शीला देवी और सुमित पवार भी मौजूद थे। दोपहर में जब परिवार भिक्कमपुर लौट रहा था तभी बाड़ीटीप गांव के पास सिल्वर रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार का पीछा शुरू कर दिया बदमाशों ने कार के बराबर बाइक लगाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली कार की पिछली खिड़की का शीशा तोड़ते हुए अंदर जा धंसी। गनीमत रही कि कोई भी कार में सवार गोली की चपेट में नहीं आई, नहीं तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। फायरिंग के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए घटना की सूचना मिलते ही भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खाली खोखे कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है लक्सर कोतवाली में तैनात एसएसआई नितिन चौहान का कहना है तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आपसी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।









