हरिद्वार

कांवड़िये पर गोली चलाने वाला ‘पिल्ला गैंग’ का एक और शूटर गिरफ्तार

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार को गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़िये पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात “पिल्ला गैंग” पर हरिद्वार पुलिस ने एक और बड़ा प्रहार करते हुए गैंग के एक और शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत कोतवाली कनखल पुलिस क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, वांछितों, हिस्ट्रीशीटरों और हुड़दंगियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। क्षेत्र में लगातार मिल रही मारपीट और झगड़ों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कनखल द्वारा विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों को सादे वस्त्रों में जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में तैनात किया गया।पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों और कुछ स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने फायरिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी, जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया था। मामले में कोतवाली कनखल में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। अब तक इस मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने “पिल्ला गैंग” के सदस्य और फायरिंग करने वाले आरोपी सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महिपाल सिंह सैनी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल संजू सैनी तथा कांस्टेबल उमेद सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “पिल्ला गैंग को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button