देर रात नियमों के उल्लंघन पर कोतवाली रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संचालकों में मचा हड़कंप
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट खुद उतरे मैदान में, चार रेस्टोरेंट-बार संचालकों पर ठोका जुर्माना

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार जिले की कोतवाली रुड़की पुलिस ने रेस्टोरेंट-बार संचालकों पर देर रात्रि चेकिंग अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिसमें चार रेस्टोरेंट-बार संचालकों पर जुर्माना लगाते हुए नगद चालान किया है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने हरिद्वार जनपद में अवैध रूप से शराब परोसने, बार संचालन के समय अवधि से नियमों का उल्लंघन करने तथा रात्रि 10:00 के बाद डीजे, लाउडस्पीकर बजाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाने के सभी थाना प्रभारीयों को निर्देश दिए हुए हैं।

वहीं रुड़की कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने खुद मैदान में मोर्चा संभालते हुए पुलिस टीम के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले रेस्टोरेंट और बार संचालकों पर बड़ी कार्रवाई की गई है, जिसके चलते क्षेत्र में संचालन हो रहे रेस्टोरेंट-बार संचालकों में हड़कंप मच गया।

वहीं इस बाबत पर रुड़की कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत देर रात्रि क्षेत्र अंतर्गत रोमियो लेन बार रेस्टोरेंट, एरोमेटिक रेस्टोरेंट, सेन्टरोज रेस्टोरेंट और कैफिन कॉफी डे पर कार्यवाही की गई है।

उन्होंने बताया कि देर रात्रि दस बजे के बाद डीजे, लाउडस्पीकर बजाकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था, जिस पर चार रेस्टोरेंट-बार संचालकों पर पांच-पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों से एम्पलीफायर, लैपटॉप, टैब आदि उपकरण कब्जे में लिए गए तथा संचालकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।









