हरिद्वार

हरिद्वार पुलिस का बड़ा कारनामा: ऑपरेशन रिकवरी के तहत लौटाए 35 लाख रुपये के 104 खोए मोबाइल

हरिद्वार संवाददाता चिराग कुमार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने एक सराहनीय और सराहना योग्य कार्य करते हुए आमजन के चेहरों पर मुस्कान लौटाने का काम किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के कुशल नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन रिकवरी के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने 104 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

बरामद किए गए ये मोबाइल फोन केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर जैसे विभिन्न राज्यों में सक्रिय थे। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से इन सभी मोबाइलों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक बरामद किया।

इस अभियान की एक खास बात यह भी रही कि जो मोबाइल स्वामी दूरी के कारण हरिद्वार नहीं पहुंच सके, उन्हें पुलिस द्वारा उनके मोबाइल फोन सुरक्षित रूप से कोरियर के माध्यम से उनके घर भेजे जा रहे हैं। इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना की है।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन राणा ने किया। उनके साथ वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल भट्ट, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, नवीन नेगी, संजीत कण्डारी और कांस्टेबल राकेश व निर्मल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हरिद्वार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन खो जाता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में इसकी सूचना दें, ताकि पुलिस समय रहते कार्रवाई कर उसे बरामद कर सके।

इस सराहनीय कार्य से न केवल पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है, बल्कि यह भी साबित हुआ है कि तकनीक और समर्पण के जरिए हर समस्या का समाधान संभव है।

Related Articles

Back to top button