हरकी पौड़ी के घाटों पर चला महा स्वच्छता अभियान, प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हरकी पौड़ी क्षेत्र के प्रमुख घाटों—शिव घाट, सुभाष घाट, मालवीय घाट और विष्णु घाट—पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में प्रशासनिक विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सुरक्षा बलों ने मिलकर घाटों की सफाई कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। अभियान में जिला आपदा प्रबंधन विभाग, भारतीय स्काउट एवं गाइड, नगर निगम, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों ने सक्रिय भागीदारी की। सफाई कार्य के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा-कचरा हटाया गया तथा नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के विरुद्ध भी कार्रवाई की। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार हरिद्वार को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखने के लिए नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने जनपदवासियों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें तथा कूड़ा-कचरा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और खुले स्थानों पर न फेंकें। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा स्थापित कूड़ेदानों का उपयोग कर सभी लोग मां गंगा की निर्मलता और पवित्रता बनाए रखने में अपना योगदान दें। अभियान में नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर सोनिया सिंह, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, गंगा सभा के सदस्य, आदर्श युवा समिति, आस्था सेवा संस्थान, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









