हरिद्वार

हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, कांवड़ियों के पैर पखार कर की सेवा-पप्पू यादव पर साधा निशाना

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कांवड़ मेला 2026 के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अलकनंदा होटल पहुंचे, जहां उन्होंने कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवभक्त कांवड़ियों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया और अपने हाथों से भोजन परोसकर उनकी सेवा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और आस्था का विषय है। कांवड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सांसद पप्पू यादव और उनके साथियों पर साधु-संतों के कथित अपमान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में संत समाज का सर्वोच्च सम्मान है और उनके प्रति किसी भी प्रकार की अभद्रता या अपमानजनक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हैं कि पप्पू यादव और उनके साथियों को सद्बुद्धि प्रदान करें। धामी ने कांवड़ मेले को सफल बनाने में जुटे सफाईकर्मियों, पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों का भी सम्मान किया। उन्होंने उन्हें माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर उनकी सेवाओं की सराहना की और कहा कि इन कर्मयोगियों के समर्पण से ही करोड़ों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है। मुख्यमंत्री ने मेले में स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और सेवा भाव का प्रतीक है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button